मौसम की जानकारी : कल से पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय, हरियाणा के कई जिलों में बादल छाये रहेंगे

कृषि वैज्ञानिक यह कह रहे हैं कि 30 डिग्री तक तापमान से गेहूं की फसल को कोई खतरा नहीं है। इस सप्ताह दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में कमी आएगी जो गेहूं की फसल के लिए रामबाण साबित होने जा रहा है।
हरियाणा में एक बार फिर मौसम करवट लेगा। शनिवार 11 मार्च तक मौसम साफ व खुश्क रहेगा। इस सप्ताह दो पश्चिम विक्षोभ एक्टिव होंगे जिस कारण तापमान में गिरावट आएगी। 12 मार्च रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते दो दिन कई जिलों में बादल छाये रहेंगे। इस बीच तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे दिन के तापमान में गिरावट आएगी जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी।
बीते तीन माह में बारिश न होने और तापमान में बढ़ोतरी के चलते इस बार गेहूं की फसल पर भी खतरा मंडरा रहा है। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर तापमान का बढ़ना यूं ही बरकरार रहा तो गेहूं के उत्पादन में कमी को टाला नहीं जा सकता। इस समय गेहूं का दाना पकाव पर है। उसमें रस सूख रहा है।
यही कारण है कि कृषि वैज्ञानिक किसानों को हल्की सिंचाई के साथ पोटाशियम डालने की सलाह दे रहे हैं। हालांकि कृषि वैज्ञानिक यह कह रहे हैं कि 30 डिग्री तक तापमान से गेहूं की फसल को कोई खतरा नहीं है। इस सप्ताह दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में कमी आएगी जो गेहूं की फसल के लिए रामबाण साबित होने जा रहा है। कृषि उपनिदेशक डॉ. राजेश सिहाग ने कहा है कि अब तेज हवाएं न चलें तो गेहूं की फसल को कोई नुकसान नहीं है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विभाग के अध्यक्ष एमएल खिचड़ ने बताया कि 14 मार्च रात्रि से एक और पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा में सक्रिय होगा। इससे राज्य के मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि कई जिलों में अधिकतम तापमान अभी भी 30 डिग्री के ऊपर चल रहा है। बुधवार रात को कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी भी हुई, जिस कारण रात में ठंडक रही।