प्रदर्शनकारियों पर गोली चला सकती थी पुलिस लेकिन..., BJP के 'नबन्ना अभियान' पर भड़की ममता बनर्जी

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य सचिवालय नबन्ना तक के अपने मार्च के लिए राज्य के बाहर से ट्रेनों में बमों से लैस गुंडों को लेकर आयी थी। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख बनर्जी ने यह भी कहा कि पुलिस मंगलवार के विरोध मार्च के दौरान भाजपा के ''हिंसक'' प्रदर्शनकारियों पर गोली चला सकती थी, लेकिन सरकार ने ''अधिकतम'' संयम बरता।
पूर्व मेदिनीपुर जिले के निमटौरी में एक प्रशासनिक बैठक के दौरान उन्होंने कहा, ''उस रैली में भाग लेने वालों ने कई पुलिसकर्मियों पर बेरहमी से हमला किया... पुलिस गोली चला सकती थी, लेकिन हमारे प्रशासन ने अधिकतम संयम का प्रदर्शन किया।'' रैली के दौरान, भाजपा समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प हुई। भाजपा समर्थकों ने पुलिस पर पथराव किया, एक वाहन में आग लगा दी और एक खोखा (कियोस्क) क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया।
इस झड़प में दोनों ओर के कई लोग घायल हो गए। बनर्जी ने कहा कि विरोध मार्च से यात्रियों और व्यापारियों को परेशानी हुई, क्योंकि यह राज्य के सबसे बड़े त्योहार दुर्गा पूजा से कुछ हफ्ते पहले आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा, ''हम लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के खिलाफ नहीं हैं लेकिन, भाजपा और उसके समर्थकों ने हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी का सहारा लिया। उन्होंने संपत्तियों को आग लगा दी और लोगों में भय उत्पन्न किया। हम इसकी अनुमति नहीं देंगे। गिरफ्तारियां की जा रही हैं और कानून अपना काम करेगा।''