हरियाणा : हरियाणा सरकार ने इस काम के लिए दी 51 करोड़ रुपए के बजट की मंजूरी, जानिए डिटेल्स
Kurukshetra News: विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र 48 कोस के तीर्थों को विकसित करने की मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सबसे पहले पहल की है। इस पहल के तहत मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से कुरुक्षेत्र 48 कोस के तीर्थों को विकसित करने के भगवान, 2... लिए सरकार की तरफ से पिछले कई वर्षों में 51 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की गई है। इस राशि से 64 विकास कार्यों को पूरा किया जाना है। हालांकि इसमें से 20 प्रोजेक्ट को पूरा किया जा चुका है। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्वयं 48 कोस के 3 जिलों के तीर्थों का व्यक्तिगत रूप से अवलोकन करके 27 विकास कार्यों को पूरा करने की घोषणा भी की है। इन विकास कार्यों के लिए 36 करोड़ 15 लाख रुपए की राशि का बजट भी स्वीकृत किया है।
विधायक सुभाष सुधा ने बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से कुरुक्षेत्र ही नहीं 48 कोस के अंतर्गत आने वाले कैथल, करनाल, जींद व पानीपत के तीर्थों को विकसित करने के साथ-साथ दर्शनीय बनाने की पहल की गई है। इस पहल के तहत मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सबसे पहले कुरुक्षेत्र के तीर्थों का स्वयं अवलोकन किया। इस जिले के अलावा करनाल और कैथल जिलों के तीर्थों को भी देखा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच है कि कुरुक्षेत्र 48 कोस के तीर्थों को विकसित करने के साथ-साथ इन तीर्थों की परिक्रमा तैयार की जा सके ताकि बाहर से आने वाले पर्यटक 48 कोस के इतिहास को अपनी आंखों से देख सके। इस योजना को अमलीजामा पहनाने की शुरुआत मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा वर्ष 2018 से की गई थी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2018-19 में तीर्थों के लिए 15 प्रोजेक्ट स्वीकृत किए और इन पर 4 करोड़ 10 लाख रुपए की राशि खर्च करके 13 प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया गया है। इसी तरह वर्ष 2019-20 में 22 प्रोजेक्ट स्वीकृति किए गए और इनमें से 5 प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया गया है और बाकी पर कार्य चल रहा है। इन पर अब तक 9 करोड़ 63 लाख रुपए की राशि खर्च की जा चुकी है। वर्ष 2020-21 में 7 प्रोजेक्ट स्वीकृत किए गए। इसके लिए 1 करोड़ 47 लाख रुपए जारी किए गए। इस राशि से 1 प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया गया है और 6 पर कार्य चल रहा है। वर्ष 2021-22 में 18 प्रोजेक्ट स्वीकृत किए गए।
इन प्रोजेक्ट पर कार्य शुरु कर दिया गया है। इन योजनाओं को पूरा करने के लिए 15 करोड़ 66 लाख रुपए का बजट भी स्वीकृत किया है। विधायक ने कहा कि वर्ष 2022-23 के लिए 2 प्रोजेक्ट स्वीकृत किए है। इनके लिए 76 लाख 24 हजार रुपए के बजट की स्वीकृति दी गई है। इसमें से 57 लाख 50 हजार रुपए की राशि जारी की जा चुकी है। इस राशि से एक प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया गया है और एक पर कार्य चल रहा है।
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 48 कोस के तीर्थों को विकसित करने की योजना को अमलीजामा पहनाने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र के तीथों पर 12 विकास कार्य करने के लिए 5.70 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। इन कार्यों के लिए 4 करोड़ 23 लाख रुपए की राशि जारी की गई और इसमें से 3 करोड़ 28 लाख रुपए की राशि खर्च की जा चुकी है। इस राशि से 4 घोषणाओं को पूरा किया जा चुका है और बाकी पर तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि केथल जिले में 8 विकास कार्यों के लिए 18 करोड़ 28 लाख रुपए की राशि की मंजूरी दी।
इसमें से 16.12 करोड़ रुपए की राशि विकास कार्यों के लिए जारी की गई, इसमें से 14 करोड़ 9 लाख रुपए की राशि खर्च हो चुकी है। इस राशि से 7 घोषणाओं को पूरा किया जा चुका है। इसी प्रकार जींद जिले में मुख्यमंत्री ने 7 घोषणाओं को पूरा करने के लिए 12 करोड़ 16 लाख रुपए की राशि की स्वीकृति दी। इसके लिए 6 करोड़ 9 लाख रुपए की राशि जारी की गई और इसमें से 5 करोड़ 6 लाख रुपए खर्च करके 4 घोषणाओं को पूरा किया जा चुका है।